भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण द्वारा आगामी 14 मार्च को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में डीएलएसए के सचिव अमरदीप सिंह बैंस की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य पात्र मामलों के अधिकतम निपटारे के लिए प्रभावी समन्वय और आपसी सहयोग सुनिश्चित करना था। बैंस ने बताया कि इस लोक अदालत का आयोजन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति एवं पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया जा रहा है। लोक अदालत में मुख्य रूप से शमनीय आपराधिक मामले, ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद और मोटर एक्सीडेंट क्लेम जैसे केस सुलझाए जाएंगे।


