भास्कर न्यूज | अमृतसर पश्चिमी हलके के अधीन आती वार्ड 78 के करतार नगर और धर्मपुरा इलाके के लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। करतार नगर में सीवरेज की हौदी से गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। कई घरों में नलों से भी गंदा पानी आने की शिकायत है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं धर्मपुरा इलाके में स्ट्रीट लाइटें कई दिनों से बंद पड़ी हैं। अंधेरे के कारण रात के समय लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। इसके अलावा इलाके में बिजली की मोटी केबल लंबे समय से लटक रही है, जो धीरे-धीरे नीचे खिसकती जा रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद केबल को ठीक नहीं किया गया। इलाके में सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। निवासियों के अनुसार सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, जिससे गलियों में कूड़ा जमा रहता है और बदबू फैलती है। करतार नगर और धर्मपुरा के बीच से गुजरने वाली मुख्य छेहर्टा रोड की हालत भी खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। पार्षद अनीता शर्मा के बेटे अरविन भकना ने कहा कि सीवरेज और गंदे पानी की समस्या गुमानपुरा में निकासी सही न होने के कारण है। वह विधायक को कई बार कह चुके है। स्ट्रीट लाइटों का काम करवाया जा रहा है और केबल के संबंध में बिजली विभाग से बात की जाएगी। पैच वर्क भी जल्द करवाया जाएगा। भाजपा से चुनाव लड़ चुकी रजनी शर्मा के पति अविनाश शैला ने कहा कि वार्ड का बुरा हाल है। सीवरेज का गंदा पानी गलियों में जमा हो जाता है और घरों में भी गंदा पानी आ रहा है। बावजूद इसके, समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। पार्षद को लोगों की समस्याओं का पक्का समाधान करना चाहिए। सोनू, निवासी धर्मपुरा ने बताया कि इलाके में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते। कूड़ा जमा रहता है और बदबू फैलती है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। गगनदीप तनेजा, निवासी करतार नगर ने बताया कि सीवरेज की हौदी से आए दिन गंदा पानी बाहर निकल आता है। इससे गलियों में गंदगी फैलती है और पीने का पानी भी दूषित हो जाता है। संतोख सिंह, निवासी धर्मपुरा ने बताया कि इलाके में बिजली की मोटी केबल लंबे समय से लटक रही है। यह धीरे-धीरे नीचे आ रही है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। जगजीत सिंह, निवासी धर्मपुरा ने बताया कि कई दिनों से इलाके की स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। रात के समय अंधेरा छा जाता है। शिकायत करने के बावजूद लाइटों को ठीक नहीं किया गया। सड़क पर पड़ा गड्ढा। करतार नगर में जमा सीवरेज। बंद स्ट्र्टी लाइट। धर्मपुरा में लटकी बिजली की केबल।


