अमृतसर| शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने एआई टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व आधुनिक तकनीक के जरिए धर्म के खिलाफ काम कर रहे हैं, जिन्हें रोकने के लिए एसजीपीसी सचेत है। इस संबंध में शिरोमणि कमेटी ने एक विशेष कमेटी गठित की है और लॉ विभाग के जरिए ऐसे मामलों का पर्दाफाश किया जा रहा है। एडवोकेट धामी ने घोषणा की कि एसजीपीसी जल्द ही सिख सिद्धांतों और इतिहास का अपना ‘डाटा बैंक’ तैयार करेगी ताकि लोगों को प्रामाणिक जानकारी मिल सके। साथ ही, आपत्तिजनक सामग्री को रोकने के लिए एक ‘मास रिपोर्टिंग सॉफ्टवेयर’ भी जारी किया जाएगा और एआई कंपनियों से संपर्क कर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।


