भास्कर न्यूज | जालंधर वीरवार को सीपीएफ कर्मचारी यूनियन पंजाब और पुरानी पेंशन संघर्ष बहाली समिति के संयुक्त रूप से पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान पुड्डा ग्राउंड में मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका गया। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुखजीत सिंह डिंपी ने बताया कि पंजाब सरकार पुरानी पेंशन स्कीम के मुद्दे पर लगातार टाल-मटोल कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा लगातार बैठकें तय की जाती हैं, लेकिन बाद में उन्हें स्थगित कर दिया जाता है, जिसके कारण कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष है। शिक्षकों पर टेट जैसी अनावश्यक शर्त जबरन थोपी जा रही है, जिसका यूनियन की ओर से कड़े शब्दों में विरोध किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं की और टेट जैसी अनावश्यक शर्त को वापस नहीं लिया, तो पंजाब विधानसभा सत्र के दौरान पंजाब विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर यूनियन के प्रदेश सचिव अमनदीप सिंह, जिला अध्यक्ष कमलजीत सिंह, पवन कुमार जनरल सेक्रेटरी, तेजिंदर सिंह नंगल प्रदेश अध्यक्ष, डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन, अध्यक्ष रणजीत रावत डीएलआर दफ्तर, बलविंदर सिंह कालरा, मुनीश कालरा, तरसेम लाल ऋषि, कुमार भगवंत, डिंपल रुहेला अध्यक्ष, जोरावर सिंह चेयरमैन पीएसएमएस यू, प्रीतपाल सिंह, चरणजीत सिंह, नरदेव जरियाल, सोनू भगत, दविंदर भट्टी, पवन कुमार, विजय कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


