गढ़वा | एनएच 343 गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग पर रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमेलवा के समीप अज्ञात ट्रक के धक्के से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक 20 वर्षीय सुबास कुमार रवि पिता अकलू राम रंका थाना क्षेत्र के उंचरी गांव का रहने वाला था। सुबास कुमार रवि एवं उसके गांव के ही श्रीकांत कुमार पिता स्व दशरथ राम अलग-अलग मोटरसाइकिल से अपने घर से छत्तीसगढ़ के तांतापानी जा रहे थे। सुबास कुमार रवि अपनी मोटरसाइकिल से आगे निकल गया। जब श्रीकांत अपनी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर झुमेलवा के समीप पहुंचा तो वहां सुबास कुमार रवि को घायल अवस्था में सड़क पर पड़े देखा। राहगीरों ने बताया कि एक अज्ञात ट्रक ने सुबास की मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया है। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुबास की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने गढ़वा सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। स्वजन ने गंभीर रूप से घायल सुबास को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सदर अस्पताल के चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंच कर सुबास के शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। इस घटना को लेकर मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ जुटी थी।


