होली पर ऋषिकेश जाने वालों के लिए खुशखबरी:उदयपुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, 5 फेरे लगाएगी; जानिए पूरा शेड्यूल

होली के त्योहार पर घर जाने वाले और घूमने की प्लानिंग कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को देखते हुए उदयपुर सिटी से योग नगरी ऋषिकेश के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन मार्च के पूरे महीने में कुल 5 फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। ये ट्रेन सप्ताह में एक बार हर मंगलवार को चलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उदयपुर सिटी-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल (गाड़ी संख्या 09609) रेल सेवा 3 मार्च से अपनी यात्रा शुरू करेगी। यह ट्रेन 31 मार्च तक हर मंगलवार को उदयपुर से रवाना होगी। दोपहर 1:45 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से छूटकर यह ट्रेन अगले दिन बुधवार सुबह 10:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। वापसी का यह रहेगा समय
यह ट्रेन वापसी में योग नगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी स्पेशल (गाड़ी संख्या 09610) 4 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगी। यह हर बुधवार को ऋषिकेश से शाम 5:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन यानी गुरुवार दोपहर 3:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में भी यह ट्रेन 5 ट्रिप पूरे करेगी। पर्यटन और त्योहार को देखते हुए लिया फैसला
असल में मार्च में होली का त्योहार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग उत्तराखंड और हरिद्वार-ऋषिकेश की यात्रा करते हैं। उदयपुर से सीधी ट्रेन होने के कारण न केवल मेवाड़ बल्कि आसपास के यात्रियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा। बस और रेगुलर ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने यह स्पेशल रैक चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इन स्टेशन से होकर जाएगी ट्रेन यह ट्रेन राणाप्रतापनगर, मावली, फतेहनगर, चित्तौडगढ, भीलवाडा, मांडल, विजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर, जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ, अलवर, रेवाडी, गुडगॉव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, शामली, रामपुर मनिहारान, टपरी जंक्शन , रूडकी और हरिद्वार स्टेशनों पर रूकेगी। इस ट्रेन में 1 सैकण्ड एसी, 3 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनोमी, 5 सेंकड स्लीपर कोच, 4 जनरल कैटेगरी, 1 पॉवरकार और 01 गार्ड कोच सहित कुल 16 कोच होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *