उदयपुर में आधी रात को बेकाबू जीप का तांडव:मकान की दीवार चीरते हुए अंदर घुसी, धमाके से सहमे लोग; रोड पर काम के बीच लगा लंबा जाम

उदयपुर के प्रताप नगर थाना इलाके के ढीकली में गुरुवार देर रात एक बेकाबू जीप काल बनकर आई। जीप की रफ्तार इतनी तेज थी कि वो सीधे एक मकान की दीवार चीरते हुए अंदर तक घुस गई। धमाका इतना जोरदार था कि गहरी नींद में सो रहे लोग दहल गए और घरों से बाहर भागने लगे। गनीमत रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, परिवार के सदस्य दीवार से दूर दूसरे कमरे में थे, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसा ढीकली निवासी जमनालाल कुमावत के घर के बाहर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी रात के वक्त एक थार गाड़ी ढीकली रोड पर फर्राटा भर रही थी। अचानक ड्राइवर ने संतुलन खोया और गाड़ी सीधे जमनालाल के घर की दीवार से जा टकराई। टक्कर लगते ही ईंटें और पत्थर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। दीवार का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए। नशे में धुत था चालक, मौका पाकर भागा
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि थार चालक बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में था। जैसे ही हादसा हुआ और लोग घर से बाहर निकले, ड्राइवर ने भीड़ का फायदा उठाया और अंधेरे में वहां से रफूचक्कर हो गया। उसने अपनी गाड़ी वहीं मलबे के बीच छोड़ दी। पुलिस ने जब्त की गाड़ी, सड़क निर्माण से बढ़ा जाम
हादसे की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और लावारिस हालत में खड़ी थार को जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह जब मलबा हटाने का काम शुरू हुआ, तो लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ढीकली रोड पर पहले से ही सड़क निर्माण का काम चल रहा है, ऐसे में इस हादसे और मलबे की वजह से सुबह के वक्त ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *