सरगुजा में छात्रों की बाइक हादसे का शिकार,एक की मौत:12वीं की परीक्षा देने जा रहे थे, बाइक उछलकर कई फुट घसीट गई, दूसरा गंभीर

नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्यमार्ग में कुनकुरी के पास 12 वीं की परीक्षा देने जा रहे दो छात्र तेज रफ्तार में हादसे का शिकार हो गए। सड़क किनारे गिरी गिट्टी से छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रही एक बाइक से टकराते हुए करीब 12 फुट उपर उछल गई। छात्र बाइक के साथ कई मीटर घिसट गए। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई, वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बतौली ब्लॉक के शांतीपारा स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले छात्र झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी एवं बैलकोटा निवासी निष्क एक्का बाइक में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में देर हो गई थी। वे सुबह करीब 9 बजे कुनकुरी पहुंचे। कुनकुरी में निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे गिराई गई गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि छात्र सामने जा रहे बाइक सवार से टकराते हुए करीब 12 फुट उपर उछल गए। सामने जा रही एक कार के उपर से होते हुए छात्रों की बाइक सड़क पर गिरी और बाइक सवार दोनों छात्र कई मीटर घसीट गए। एक की मौत, दूसरे ही हालत गंभीर
हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतीपारा पहुंचाया, जहां गंभीर चोट के कारण निष्क एक्का की मौत हो गई। अनिकेश तिवारी को गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। उसे भी सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे का शिकार हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी। वह बाइक लेकर बैलकोटा पहुंचा और निष्क एक्का को बैठाकर दोनों स्कूल के लिए रवाना हुए। परिजनों के अनुसार निष्क पहली बार अनिकेश के साथ गया था। इसके पहले वह बस से ही शांतिपारा स्कूल जाता था। आज से ही 12वीं की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। परीक्षा के लिए सुबह 9 बजे परीक्षार्थियों को केंद्र में पहुंचने कहा गया था। चूंकि दोनों को देर हो गई थी, इस कारण अनिकेश तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। हादसे से दोनों छात्रों के परिजन सदमें में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *