कोटा शहर में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आज सुबह रानपुर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक टीम ने वन विभाग की जमीन पर किए गए पक्के और कच्चे निर्माण पर बुलडोजर चलाते हुए करीब 20 से 22 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई कोटा शहर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में की गई। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि कालू भड़क ने लंबे समय से फॉरेस्ट की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था, जहां मकान, बाड़े और खेती जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर द्वारा वन विभाग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसे कानून के तहत ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से हार्डकोर अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों को सख्त संदेश दिया जा रहा है कि कानून सर्वोपरि है। कालू भड़क को कुछ दिनों पहले पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से तीन से चार पिस्टल बरामद की गई थीं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


