धौलपुर जिले के सभी 7 उपखंडों में विद्युत विभाग ने राजस्व वसूली के लिए एक व्यापक अभियान चलाया। सहायक अभियंताओं के नेतृत्व में गठित टीमों ने लगभग 33 गांवों में सघन जांच कर बकायेदारों और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत सरमथुरा, नादनपुर, बड़ागांव सहरोली, कुंकरा माकरा, कैंथरी, रावटी, मझुआ, मठ मत्सूरा, मढा बुजुर्ग, बिचौला और मोरधा जैसे गांवों में पुराने कटे हुए (डीसी/पीडीसी) कनेक्शनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान लगभग 360 अवैध विद्युत जंपर हटाए गए, जिससे बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगी। 257 लाख रुपए का राजस्व वसूला
विद्युत विभाग ने लगभग 118 लाख रुपए की बकाया राशि वाले 25 ट्रांसफार्मरों को जब्त कर विभागीय स्टोर में जमा कराया। इसके अतिरिक्त, लगभग 65 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिन पर कुल 2.3 करोड़ रुपए की बकाया राशि थी।
अधिकारियों के अनुसार धौलपुर वृत में 19 फरवरी को 1 ही दिन में लगभग 257 लाख रुपए का राजस्व वसूल किया गया। चालू माह में अब तक कुल 1877 लाख रुपए की वसूली हो चुकी है, जो विभाग की लगातार कार्रवाई का परिणाम है। अभियान के दौरान, ग्रामीणों और उपभोक्ताओं को अपने घरेलू कनेक्शन नियमित कराने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली ‘सूर्य घर योजना’ के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि पात्र लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि वाले ट्रांसफार्मर उतारने और डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई उपखंड स्तर पर लगातार जारी रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल जमा कर अपने कनेक्शन नियमित रखें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


