धौलपुर जिले के सैपऊ क्षेत्र में विशेष अभियान के तहत घरेलू रसोई गैस के दुरुपयोग पर कार्रवाई की गई।
जिला रसद विभाग की प्रवर्तन टीम ने एक प्रतिष्ठान से व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। यह कार्रवाई तसीमो स्थित न्यू मोर मुकुट मिष्ठान भंडार पर की गई। जांच में पाया गया कि घरेलू उपयोग के लिए जारी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मौके से चार घरेलू गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, गैस नली और एक भट्टी जब्त की। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में ऐसी अनियमितता न करने की सख्त चेतावनी दी। अभियान के दौरान प्रवर्तन टीम ने तसीमो इंडेन ग्रामीण वितरक की भी जांच की और उनके रिकॉर्ड का सत्यापन किया। अधिकारियों ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस का अवैध भंडारण, व्यावसायिक उपयोग या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर आम उपभोक्ताओं की जरूरतों के लिए होते हैं और उनका व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है। प्रशासन ने दोहराया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। घरेलू गैस का दुरुपयोग, अवैध विक्रय या भंडारण करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
जांच दल में प्रवर्तन अधिकारी गजेंद्र बाबू शर्मा, जगदीश प्रसाद शर्मा और प्रवर्तन निरीक्षक जितेंद्र गोठवाल शामिल थे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।


