शादी में आए मेहमानों की कारों को टक्कर मारी:ट्रेलर ने रिवर्स लेते समय पहुंचाया नुकसान, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

उदयपुर के उदयसागर चौराहे के पास खड़े एक ट्रेलर ने वहां पहले से खड़ी दो लग्जरी कारों को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास ही स्थित एक होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रेलर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया और फिर मौके से फरार हो गया। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र का है। शादी में आए मेहमानों की थीं कारें
जानकारी के अनुसार इन दिनों उदयपुर में शादियों का सीजन चल रहा है। उदयसागर के पास स्थित होटलों में शादी समारोह आयोजित हो रहे थे। इन्हीं कार्यक्रमों में बाहर से मेहमानों को लेकर इनोवा और क्रेटा कारें यहां आई थीं। रात के समय गाड़ियों के चालक उन्हें उदयसागर चौराहे पर एक गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी करके ऊपर सोने चले गए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सुबह होते ही उनकी कारों की हालत ऐसी हो जाएगी। सीसीटीवी में कैद हुई ट्रेलर की करतूत
होटल के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरी घटना की पोल खोल दी है। वीडियो में दिख रहा है कि एक ट्रेलर साकरोदा की तरफ से तेज रफ्तार में आता है। पहले तो वह चौराहे से थोड़ा आगे निकल जाता है, लेकिन फिर अचानक ब्रेक मारता है। इसके बाद ड्राइवर ट्रेलर को तेजी से रिवर्स (पीछे) लेता है। इसी दौरान पीछे खड़ी इनोवा और क्रेटा कारें उसकी चपेट में आ जाती हैं। ट्रेलर ने दोनों कारों को बुरी तरह टक्कर मारी और फिर ड्राइवर उसे लेकर चौराहे की तरफ भाग निकला। सुबह टूटी नींद, तो उड़े होश
सुबह जब कारों के ड्राइवर सोकर नीचे आए, तो गाड़ियों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। दोनों लग्जरी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी खंगाला, जिसमें ट्रेलर की ये हरकत सामने आई। इसके बाद पीड़ित चालकों ने तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *