लुधियाना जिले के जगराओं डल्ला रोड पर हुए एक सड़क हादसे में मारुति कार ड्राइवर गुरमीत सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनकी कार को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी, जिसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई और गंभीर रूप से घायल ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका। इस संबंध में थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सरबजीत कौर के बयान पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। पीछे से वाहन के मारी टक्कर सरबजीत कौर के अनुसार, गुरमीत सिंह 18 फरवरी की सुबह करीब सात बजे काम के लिए घर से जगराओं के लिए निकले थे। रात करीब सवा आठ बजे उनकी फोन पर बात हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह लुधियाना में एक शादी समारोह में जा रहे हैं और देर से लौटेंगे। टक्कर से बाद पेड़ से टकराई कार देर रात करीब पौने दो बजे परिवार को सूचना मिली कि गुरमीत सिंह अमर कंप्यूटर वालों की मारुति कार लेकर जगराओं से गांव की ओर लौट रहे थे। जब वह कोठे राहला, डल्ला रोड की तरफ पहुंचे, तो पीछे से एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार आगे पेड़ से टकराकर पलट गई और तुरंत आग की चपेट में आ गई। कार में आग लगने के कारण युवक की मौत हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और ड्राइवर गुरमीत सिंह की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी वाहन ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


