छत्तीसगढ़ के बालोद कलेक्टोरेट के पास एक व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। मृतक की पहचान झलमला निवासी 42 वर्षीय सुनील मिश्रा के रूप में हुई है। जो आदमाबाद स्थित रेस्ट हाउस में पूर्व चौकीदार के रूप में कार्यरत रह चुके थे। जानकारी के अनुसार, सुनील मिश्रा मंगलवार से लापता थे। गुरुवार शाम उनका शव सिवनी कलेक्टोरेट से सटे तांदुला ईको टूरिज्म रिसॉर्ट आदमाबाद के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव के पास ही कीटनाशक और शराब की शीशी भी मिली है। शव की स्थिति अत्यंत गंभीर थी और जंगली जानवरों द्वारा चेहरे को क्षति पहुंचाए जाने के कारण पहचान में कठिनाई हुई। बाद में मृतक के बड़े भाई सुशील मिश्रा ने कपड़ों और कद-काठी के आधार पर शिनाख्त की पुष्टि की। शव के पास से मिली कीटनाशक की शीशी सूचना मिलते ही एएसपी मोनिका ठाकुर, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस को शव के पास से कीटनाशक की एक शीशी और शराब की बोतल बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। गुरुवार रात शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया था। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। गंभीर बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे परिजनों के अनुसार, मृतक पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और शारीरिक स्थिति को लेकर मानसिक तनाव में रहते थे। वे तलाकशुदा थे और एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वे लंबे समय तक बंद हो चुके आदमाबाद रेस्ट हॉउस के चौकीदार के रूप में काम किया। कलेक्टोरेट के पास निजी रिसॉर्ट खुलने से आदमाबाद जर्जर स्थिति में चला गया। जिसके बाद से मृतक बेरोजगार थे। इस दौरान शारिरिक समस्या से जूझते हुए आत्महत्या कर ली।


