अबोहर में हलवाई पर हमला करके लूटा:कापे से किया वार, कैश और फोन छीना, शादी में काम करके लौट रहा था

अबोहर में पुराने फाजिल्का रोड पर देर रात 3 नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर नकदी और उसका मोबाइल फोन लूट लिया। युवक शादी समारोह में हलवाई का काम कर अपने घर लौट रहा था। घटना में युवक की उंगलियां भी जख्मी हो गईं। मोहल्ला भगवान पुरा निवासी राजन पुत्र योगराज ने बताया कि वह रात करीब 3 बजे सेठी पैलेस में आयोजित शादी समारोह से काम कर बाइक पर घर लौट रहा था। जोहड़ी मंदिर के पास पैदल खड़े 3 नकाबपोश बदमाशों ने उसे कापे का डर दिखाकर रोका और पैसे मांगे। राजन के पैसे देने से इनकार करने पर लुटेरों ने उस पर कापे से हमला कर दिया। बचाव में हाथ आगे करने पर उसकी उंगलियां जख्मी हो गईं। इसके बाद लुटेरों ने कापों के उल्टे हिस्से से वार करते हुए राजन से 7 हजार 500 रुपये और उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल राजन को देर रात ही उसके परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना सिटी वन पुलिस को दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने घायल को अस्पताल में कराया भर्ती राजन ने बताया कि इतने में ही पीछे से आए दो निंहगों ने जब ललकारा मारा तो बदमाश उसका फोन फेंककर भाग निकले जो कि सड़क पर गिरने से टूट गया। इसके बाद वह घर पहुंचा और पूरी जानकारी दी। परिजनों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया और पुलिस को सूचित किया। घटना को लेकर पुलिस का बयान इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से एमएलआर की रिपोर्ट आते ही घटनास्थल पर पुलिस भेजकर कैमरों की जांच करवाई जाएगी और घायल के बयान कलमबद्ध कर गहनता से जांच पडताल करते हुए बनती कार्रवाई की जाएगी। सब्जी विक्रेता से भी हुई थी वारदात गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले इसी रास्ते पर दिनदहाड़े कुछ बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता को भी लूटा था। उस समय लोगों ने मार्ग पर धरना दिया था, जिसके बाद थाना प्रभारी ने भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *