पाली शहर के बोमादड़ा रोड स्थित धापूबाई बीएसटीसी कॉलेज में अध्ययनरत स्टूडेंट्स की पढ़ाई अब बगड़ी नगर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में करवाई जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान बीकानेर के आदेशानुसार कॉलेज की एनओसी प्रत्याहृत कर दी गई है। इसके चलते वर्तमान सत्र में प्रथम और द्वितीय वर्ष के सभी स्टूडेंट्स के शेष सत्र की शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन डाइट बगड़ी नगर द्वारा किया जाएगा। डाइट की टीम पहुंची, रिकॉर्ड स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू गुरुवार को डाइट की एक टीम कॉलेज पहुंची और स्टूडेंट्स के अभिलेखों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करवाई। साथ ही कॉलेज में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को निर्देश दिए गए कि वे 20 फरवरी से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बगड़ी नगर में उपस्थित होकर अध्ययन जारी रखें। इस दौरान कॉलेज संचालन से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी करवाई गईं। 15 दिन में सौंपे जाएंगे सभी दस्तावेज कॉलेज प्रशासन ने विभाग को पत्र देकर आश्वस्त किया है कि स्टूडेंट्स से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख आगामी 15 दिनों के भीतर डाइट को उपलब्ध करा दिए जाएंगे, ताकि शैक्षणिक कार्य नियमित रूप से संचालित हो सके और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। प्रथम वर्ष तुरंत, द्वितीय वर्ष इंटर्नशिप के बाद रिपोर्ट करेगा डाइट प्राचार्य ने निर्देश जारी करते हुए प्रथम वर्ष के सभी स्टूडेंट्स को 20 फरवरी को कॉलेज आवंटन पत्र, एडमिशन स्लिप और एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। वहीं द्वितीय वर्ष के स्टूडेंट्स को 96 दिवसीय इंटर्नशिप समाप्त होने के तुरंत बाद आवंटन पत्र, एडमिशन स्लिप, पासपोर्ट साइज फोटो और इंटर्नशिप अभिलेख के साथ डाइट बगड़ी नगर में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था शिक्षा विभाग का कहना है कि स्टूडेंट्स की पढ़ाई बाधित न हो, इसलिए तुरंत वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था लागू की गई है। अब शेष सत्र की सभी प्रशिक्षण गतिविधियां और शैक्षणिक कार्य डाइट बगड़ी नगर के माध्यम से संचालित होंगे।


