झारखंड नगर निगम चुनाव:21 फरवरी की शाम समाप्त हो जाएगा चुनाव प्रचार, रविवार को मतदान कर्मियों को किया जाएगा डिस्पैच

झारखंड में नगर निकाय चुनाव अपने अंतिम चरण में हैं। मतदान 23 फरवरी को होगा, जिसके लिए 22 फरवरी रविवार को सभी नगर निकायों में मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ डिस्पैच किया जाएगा। चुनाव प्रचार 21 फरवरी की शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साध सकेंगे। लाउडस्पीकर और भोंपू से होने वाले शोर-शराबे से लोगों को राहत मिलेगी। मतदान कर्मियों के डिस्पैच की तैयारियों के मद्देनजर सामग्री कोषांग में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। रांची नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक संदीप कुमार दोराईबुरु ने सामग्री कोषांग का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया। चेकलिस्ट आधारित सत्यापन अनिवार्य प्रेक्षक ने मतदान दलों को उपलब्ध कराए जाने वाले किट की तैयारी, स्टेशनरी सामग्री की समुचित पैकिंग तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए चेकलिस्ट आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। संदीप कुमार दोराईबुरु ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही आवश्यक है। इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग सह उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों ने सामान्य प्रेक्षक को सामग्री संधारण, अभिलेखीकरण, सुरक्षा प्रबंध तथा मतदान दलों को सामग्री वितरण की चरणबद्ध प्रक्रिया से अवगत कराया। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि मतदान तिथि से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इधर, मतदान कर्मियों को डिस्पैच सेंटर से संबंधित मतदान केंद्रों पर चुनाव सामग्री के साथ भेजने के लिए सभी जिलों में परिवहन कार्यालय द्वारा वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। परिवहन कार्यालय द्वारा अधिक से अधिक संख्या में वाहनों को निर्धारित जगहों पर लाकर रखा गया है। बताते चलें कि 22 तारीख को मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधित किट और अन्य खाद्य सामग्री देकर इन वाहनों के जरिए डिस्पैच केंद्र से विदा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *