धनबाद में रुई फैक्ट्री में लगी आग:लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान, एक मजदूर झुलसा; शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित शिमराटांड़ में शुक्रवार को एक रुई फैक्ट्री में आग लग गई। आशंका जाहिर की जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। इस घटना में एक मजदूर झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। हालांकि, दमकल गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान आग ने फैक्ट्री के साथ-साथ आसपास की झाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कपड़ों से रुई बनाने का काम होता था फैक्ट्री के आसपास पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय लोग और फैक्ट्री संचालक आग बुझाने के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। फैक्ट्री संचालक तारिक अनवर ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में कपड़ों से रुई बनाने का काम होता था। तारिक अनवर के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से अचानक लगी आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को सोचने-समझने का मौका नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस आग में रुई बनाने वाली मशीन और एक मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। उन्हें इस घटना में करीब 4-5 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *