राजधानी रायपुर में कट्टे की नोक पर अपहरण कर चार दिन तक युवक को बंधक बनाकर रखने और उसके परिजनों से फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आजाद चौक इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से अपहृत युवक को सकुशल मुक्त कराया गया। पूरे घटनाक्रम का खुलासा रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारी जल्द करेंगे। अब पढ़े क्या है पूरा मामला आजाद चौक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपहरणकर्ता और पीड़ित के बीच पैसों का लेन देन था। आरोपियों ने चार दिन पहले पीड़ित को पैसे देने के नाम पर आजाद चौक इलाके में बुलाया। बातचीत के बाद विवाद हुआ तो आरोपियों ने मारपीट की और कट्टे की नोक पर बंधक बनाया। पीड़ित को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया और परिजनों को भेजकर पैसों की मांग की। वीडियो मिलने पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी, तो पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करके आरोपियों को आजाद चौक इलाके करबला तालाब के पास से पकड़ा। पीड़ित को आरोपियों से बंधकमुक्त कराया और आरोपियों पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को हथियार देने वालों की तलाश पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार बरामद किए है। आरोपियों को हथियार किसने पहुंचाया और आरोपियों के सिंडिकेट में कौन-कौन है? इसका पता पुलिस अधिकारी लगा रहे है। अफसरों का कहना है, कि आरोपियों के सिंडिकेट में जो भी शामिल होगा, सब पर कार्रवाई की जाएगी।


