पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की घोर लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को हुई आठवीं कक्षा की परीक्षा के साइंस विषय के पेपर में तीन प्रश्न पंजाबी में लिखना भूल गया। बोर्ड की इस गलती का खामियाजा पंजाबी मीडियम के विद्यार्थियों को झेलना पड़ा। सुबह परीक्षा केंद्रों में जब आठवीं कक्षा का प्रश्नपत्र खोला गया तो उसमें पंजाबी में 27 प्रश्न प्रिंट थे जबकि अंग्रेजी व हिंदी में 30-30 प्रश्न थे। मामला पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने वाट्सएप के जरिए सेंटर सुपिरंटेंडेंट को मैसेज जारी किया। मैसेज में कहा गया कि परीक्षा में ड्यूटी दे रहे अध्यापकों को कहकर पंजाबी मीडियम के विद्यार्थियों को तीनों प्रश्न पंजाबी में लिखवाएं ताकि बच्चे परीक्षा दे सकें। कुछ परीक्षा केंद्रों में मैसेज तो पहुचे लेकिन विद्यार्थियों को इस बारे में पता नहीं चला तो वो प्रश्न छोड़कर आ गए। तीनों भाषाओं में प्रिंट होता है पेपर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड आठवीं, दसवीं व बारहवीं के प्रशनपत्रों को पंजाबी, हिंदी व अंग्रेजी माध्यम में प्रिंट करता है ताकि तीनों मीडियम के विद्यार्थी इसे हल कर सकें। तीनों मीडियम के विद्यार्थी अपने अपने मीडियम की भाषा में प्रश्न पत्र पढ़ते हैं और उसे हल करते हैं। पंजाबी में 27, अंग्रेजी व हिंदी में 30-30 प्रश्न साइंस के प्रश्न पत्र में पंजाबी सेक्शन में 27 प्रश्न दिए गए। 27 वें प्रश्न के बाद कुछ जगह खाली छोड़ी गई है। वहीं हिंदी व अंग्रेजी सेक्शन में 30-30 प्रश्न प्रिंट किए गए हैं। कई परीक्षा केंद्रों में पंजाबी मीडियम के विद्यार्थी 27 प्रश्न हल करके आ गए। 15 नंबर के प्रश्न मिसप्रिंट साइंस के प्रश्न पत्र में प्रश्न संख्या 28 से 30 तक पांच पांच नंबर के प्रश्न आते हैं। हर प्रश्न में एक विकल्प दिया रहता है। पंजाबी के प्रश्न पत्र में कुल 15 अंक के प्रश्न मिसप्रिंट रहे। अब देखना होगा कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देता है या नहीं। हमारे विद्यार्थियों को नहीं बताए गए पंजाबी में प्रश्न स्कूल संघ पंजाब के गोराया इकाई के प्रमुख जोधा सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को पंजाबी में तीन प्रश्न नहीं बताए गए। जिसकी वजह से ज्यादातर बच्चे 15 नंबर के प्रश्न छोड़कर आ गए। उन्होंने कहा कि वो बारे में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को शिकायत भी भेजेंगे। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मानी गलती पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पंजाबी में मिस प्रिंट होने की गलती मानी है। बोर्ड के सेंटर सुपरिंटेंडेंट को लिखे मैसेज में कहा है कि प्रश्न संख्या 28, 29 व 30 तकनीकी कारणों से प्रिंट नहीं हो सका। इसलिए सुपरवाइजरों को कहकर अंग्रेजी या हिंदी माध्यम से पंजाबी में ट्रांसलेट करवाकर प्रश्न बच्चों को लिखवाए जाएं।


