झालावाड़ में माह-ए-रमजान के पहले जुमे की नमाज अदा की गई। सुबह से ही मस्जिदों में चहल-पहल देखी गई। दोपहर 1 बजे अजान के बाद शहर और जिलेभर की मस्जिदों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। रमजान का चांद 19 फरवरी को दिखाई देने के बाद रोजे शुरू हुए थे। आज शुक्रवार को दूसरा रोजा है। कई छोटे बच्चों और बालिकाओं ने भी रोजे रखे हैं। जुम्मे की नमाज के बाद सलाम पढ़ा गया और एक बार फिर देश की शांति व भाईचारे के लिए प्रार्थना की गई। कई मस्जिदों में सामाजिक संगठनों और मुस्लिम समुदाय द्वारा रोजा इफ्तार का आयोजन भी शुरू हो गया है। मस्जिद मस्तान शाह में अलीमेंदीन मोईन अशरफ ने पहले जुम्मे की नमाज अदा कराई। यह महीना पूरे एक माह तक चलेगा। रमजान का महीना शुरू होते ही बाजारों में फलों की बिक्री बढ़ गई है। रोजा खोलने (इफ्तार) के लिए फलों का उपयोग किया जाता है, जिसके कारण फल-फ्रूट की दुकानों और ठेलों पर दिनभर खरीदारी देखी जा रही है। खजूर, अंगूर, पपीता और चीकू जैसे फलों की मांग विशेष रूप से बढ़ी है।


