सीकर में रमजान के पहले जुम्मे की नमाज अदा:खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, दुआ में उठे हजारों हाथ

सीकर में पवित्र महीने रमजान के पहले जुम्मे की नमाज अदा की गई। मोचीवाड़ा स्थित ईदगाह में रमजान महीने के पहले जुम्मे की नमाज अदा करने बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधु पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर उम्र के रोजेदारों ने पहले जुम्मे की नमाज पढ़ी। रोजेदारों ने खुदा की बारगाह में सजदा किया और हाथ उठाकर देश-प्रदेश में अमन-चैन की दुआ पढ़ी। बरकत(ग्रोथ या प्रगति), रहमत(ब्लेसिंग या कृपा) और मगफिरत(माफी मांगना) के पाक(पवित्र) महीने रमजान की शुरुआत के साथ ही शुक्रवार को देश-प्रदेश सहित सीकर जिले में पहले जुम्मे की नमाज बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। रमजान का महीना शुरू होते ही शहर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने पूरे जज्बे के साथ रोजा रखकर जुम्मे की नमाज अदा की। शहर की ईदगाह मस्जिद सीकर में बड़ी संख्या में रोजेदारों की मौजूदगी रही, जहां नमाज के बाद लोगों ने देश और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे व खुशहाली की दुआ मांगी। रमजान का महीना होने के चलते बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। इफ्तार की तैयारियों को लेकर फलों की दुकानों पर खजूर, सेब, केला, तरबूज और अंगूर की खरीददारी में इजाफा देखा गया। मौलाना हाजी इब्राहिम ने रमजान की फजीलत(महत्त्व) बताते हुए कहा कि यह महीना सब्र, शुकर, गुनाह की माफी और इंसानियत का पैगाम देता है। इस महीने में रोजेदारों को जाने-अनजाने हुए गुनाहों की मुआफी मांगनी चाहिए और जकात(दान) करना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *