बारिश-ओलावृष्टि से राजस्थान में पारा गिरने से राज्य में सर्दी बढ़ गई। गुरुवार को राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक रहा। इससे राज्य में सुबह-शाम मध्यम और दिन में हल्की सर्दी रही। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में अगले एक-दो दिन में तापमान बढ़कर सामान्य से ऊपर जाएगा, जिससे सुबह-शाम की सर्दी से भी कम हो जाएगी और दिन हल्के गर्म होने लगेंगे। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में कुछ स्थानों पर सुबह हल्का कोहरा रहा। जबकि कई जिलों में दोपहर तक हल्के बादल रहे। जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर समेत कई जिलों में हल्के बादल छाने से दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गुरुवार दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस फलोदी और बाड़मेर में दर्ज हुआ। सुबह-शाम ठंडक, पारा 15 डिग्री से नीचे गुरुवार को राज्य में जयपुर, फतेहपुर, सीकर, गंगानगर, चूरू, अलवर समेत कई जिलों में हल्का कोहरा रहा। दिन में इन शहरों में हल्के बादल रहे, जिससे यहां धूप कमजोर रही। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कल सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4 अलवर और फतेहपुर में दर्ज हुआ। अगले एक सप्ताह मौसम रहेगा साफ, दिन में गर्मी बढ़ेगी मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में अब अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा और दिन में तेज धूप रहने की संभावना है। अगले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हो सकता है। इससे दिन में हल्की गर्मी बढ़ेगी, जबकि सुबह-शाम की सर्दी कम हो जाएगी।


