महिला का भेष बनाकर हाईवे पर लूट की तैयारी:पुलिस ने वारदात से पहले कोहिनूर गैंग के पांच बदमाशों को दबोचा,अवैध कट्टा, दो चाकू जप्त

कोटा शहर में बोरखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मामला कोटा–चित्तौड़ नेशनल हाईवे का है, जहां पुलिस की गश्त के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक अवैध देसी कट्टा, एक कारतूस, दो चाकू, मिर्ची पाउडर और एक रस्सी बरामद हुई। पुलिस को वाहन से महिला के कपड़े भी मिले हैं। कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि बोरखेड़ा थाना पुलिस कल रात करीब 9 बजे हाईवे पर गश्त के दौरान कार में चार से पांच संदिग्ध युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हाईवे पर ट्रक और अन्य वाहनों को निशाना बनाकर लूटपाट की योजना बना रहे थे। कोहिनूर गैंग 0007 के सदस्य बताए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक युवक महिला का वेश धारण कर वाहनों को रुकवाता, जबकि अन्य साथी पीछे से पहुंचकर चालक के साथ लूट की वारदात को अंजाम देते। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से वारदात होने से पहले ही सभी बदमाश पकड़ लिए गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद देसी कट्टा कोहिनूर गैंग से जुड़े कालू मीणा, शरणजीत सरदार और लोकेश से खरीदा गया था। पुलिस अब हथियार सप्लाई और गैंग के नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। फरार संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। उधर, पुलिस के संज्ञान में यह भी आया है कि सोशल मीडिया पर “कोहिनूर गैंग (कोहिनूर ग्रुप कोटा) 0007” नाम से एक पेज संचालित किया जा रहा है, जिसमें हथियार प्रदर्शन, फायरिंग और स्टंट से जुड़े वीडियो पोस्ट किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस पेज से 200 से अधिक युवा जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बदमाश मनीष सुमन (28), निवासी शिमला विकास योगी (22) निवासी कासमपुरा दीगोद, प्रदीप मीणा (21) निवासी उम्मेदगंज, रोहित मीणा (24) निवासी ताथेड, अजय मीणा (19) निवासी सीमलिया को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *