जयपुर में शुक्रवार शाम हिट एंड रन में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके दो साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। बाइक सवार तीनों दोस्तों को ओवर स्पीड कार टक्कर मारकर फरार हो गई। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया है। दोनों घायलों का प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। SHO (पत्रकार कॉलोनी) मदन लाल कड़वासरा ने बताया- हादसा इस्कान मंदिर खरबास सर्किल के पास हुआ। शाम करीब 4:30 बजे एक बाइक पर तीन युवक बैठकर मानसरोवर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ओवर स्पीड कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से कार लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर नीचे रोड पर आ गिरे। राहगीरों ने लहूलुहान हालत में पड़े तीनों युवकों को संभालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। डॉक्टर्स ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल दो साथियों को इलाज के लिए एडमिट कर लिया। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ ही कार की तलाश कर रही है।


