भोपाल स्टेशन पर एक बार फिर लगी सेनेटरी पैड मशीन:5 का सिक्का डालकर महिलाएं निकाल सकेंगी एक पैड

भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 स्थित महिला प्रतीक्षालय और प्लेटफार्म नंबर 6 स्थित सामान्य यात्री प्रतीक्षालय में 25 पैड की क्षमता वाली सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का उद्घाटन मंगलवार को किया गया। यह सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन महिला यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है, जिससे सफर के दौरान स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित होगी। यह सुविधा इमरजेंसी के समय महिलाओं को तुरंत सहायता प्रदान करेगी। महिलाएं केवल पाँच रुपये का सिक्का डालकर आसानी से सेनेटरी पैड प्राप्त कर सकती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले, 2018 में भी इस तरह की पहल की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद वह बंद हो गई थी। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष गुंजन त्रिपाठी ने इस पहल को महिला यात्रियों के आत्मसम्मान, सुविधा और सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से महिलाओं को यात्रा के दौरान स्वच्छता और आत्मनिर्भरता मिलेगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुखद और सुरक्षित बनेगी। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रश्मि दिवाकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, और गैर-सरकारी संगठन “सेतु” की सह-संस्थापक मीता वाधवा के साथ महिला कल्याण संगठन की अन्य महिला सदस्य भी उपस्थित रहीं। महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देना है उद्देश्य वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि महिला प्रतीक्षालय में स्थापित इस वेंडिंग मशीन से महिला यात्रियों को समय पर और आसानी से सेनेटरी पैड मिल सकेंगे, जिससे उनकी यात्रा और अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनेगी। यह पहल महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से की गई है। “सेतु” की सह-संस्थापक मीता वाधवा ने इस पहल के लिए महिला कल्याण संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम रेलवे प्रशासन द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वेंडिंग मशीन का रखरखाव और इसमें सेनेटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी “सेतु” एनजीओ द्वारा निभाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *