कचनार पुलिस ने मंगलवार को अवैध मसाला शराब की फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस जब आरोपी के घर के पीछे पहुंची तो वहां पर टंकी में भरी हुई नकली शराब मिली। साथ ही नकली शराब बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्री, खाली क्वार्टर, ढक्कन एवं पैकिंग करने वाली सामग्री भी मिली। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया, इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। थाना प्रभारी पूनम सैलर ने बताया कि सूचना मिली थी कि करैया बुद्धू गांव में किसी के घर पर नकली शराब तैयार हो रही है। इसके बाद राजपुर चौकी प्रभारी के साथ प्रसादी अहिरवार एवं नितेश अहिरवार के घर पहुंचे, दबिश दी गई तो आरोपी के घर के पीछे 200 लीटर की टंकी रखी हुई थी, जिसमें यू.पी. तरल पदार्थ भरा हुआ मिला, आसपास सर्च करने पर नकली मसाला शराब बनाने के उपकरण, होलोग्राम, खाली क्वाटर बोतलें सफेद कट्टे में, क्वाटर पर लगने वाला शील युक्त कैप, नकली मसाला मदिरा को सील पैक करके रखने वाला कार्टून के गत्ते, क्वाटर के कैंप को पैक करने वाली मशीन, मादक पदार्थ नापने वाला हाईड्रोमीटर, दिनांक व जगह लिखने वाले लोहे की डाई एवं एक पेटी नकली मसाला शराब 50 क्वार्टर मिले। साथ ही यू.पी. तरल पदार्थ में मिलाने वाला ओरेंज फ्वेर 500 एमएल की बोतल आरोपियों घर के पीछे खेरे में मिले। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब बनाने वाले आरोपी पिता-पुत्र भाग चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी जगह 7 पेटी नकली शराब मिली
इसी के साथ एक और कार्रवाई में ग्राम मूढरा पठार से एक पुलिस टीम ने आरोपी धरमदास अहिरवार निवासी ग्राम मोहरी के कब्जे से 7 पेटी देशी मदिरा बरामद किया।


