बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में जल्द सफारी शुरू करने और बूंदी बस स्टैंड को शीघ्र स्थानांतरित करने की मांग की। विधायक ने टाइगर रिजर्व को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने और बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। शर्मा ने सदन में बताया कि रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के टाइगर कन्वर्जन प्लान (TCP) को नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) से मंजूरी नहीं मिली है, जिसके कारण कोर एरिया में जंगल सफारी शुरू नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि TCP में बार-बार खामियां निकालकर इसे रोका जा रहा है और वन विभाग इसे लागू करवाने में कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा है। विधायक ने कहा कि रामगढ़ के कोर एरिया में जंगल सफारी शुरू करने के लिए पर्याप्त जीव-जंतु मौजूद हैं। वर्तमान में रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में तीन नर बाघ और पांच मादा बाघिन विचरण कर रही हैं। उन्होंने मुकुंदरा टाइगर रिजर्व का उदाहरण दिया, जहां हाल ही में कोर एरिया में सफारी शुरू की गई है। TCP लागू होने के बाद रामगढ़ के कोर एरिया में चार रूटों पर सफारी शुरू हो सकेगी, जिससे देशी-विदेशी पर्यटक रणथंभौर की तरह बाघों का दीदार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि टाइगर रिजर्व प्रबंधन को गाइड के चयन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी करनी थी, जो अभी तक नहीं हुई है। सफारी संचालन के लिए जिप्सियों की संख्या बढ़ाना भी आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, विधायक शर्मा ने ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से बूंदी बस स्टैंड को शीघ्र स्थानांतरित करने का मुद्दा भी उठाया।


