सीकर जिले में खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खाटू सदर थाना क्षेत्र के सांवलपुरा गांव के शराब ठेके पर वहां से बाइक लेकर गुजर रहे एक युवक से मारपीट की थी। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि तीनों आरोपियों ने बाइक सवार युवक से शराब पीने के लिए रूपए मांगे, जब उसने मना किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट की। तीनों आरोपियों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। खाटूश्यामजी सदर सीआई अमित नागोरा ने बताया कि 19 फरवरी को पीड़ित युवक ने रिपोर्ट दी थी कि 18 फरवरी की शाम को वह बाइक से खाटू से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में सांवलपुरा शराब ठेके के पास पहुंचा तो आरोपियों ने बाइक रूकवाकर शराब के लिये रूपए मांगे, रूपए देने के लिए मना करने पर तीनों युवकों ने मारपीट की। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीआई नागोरा ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने टेक्निकल असिस्टेंट और मुखबिरों से सूचना जुटाई और आरोपियों तेजपाल उर्फ तेजा, सीताराम व सायर सिंह खर्रा को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में से तेजपाल उर्फ तेजा पर कई मुकदमे दर्ज हैं और तेजा सीकर जिले का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस टीम में खाटू सदर थाना टीम के एएसआई श्यामलाल, हैड कांस्टेबल श्रीराम, कांस्टेबल रोहिताश व कांस्टेबल सुरेश चंद शामिल थे। सीआई नागोरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डूकिया निवासी तेजपाल खरेसिया पर खाटूश्यामजी कोतवाली व सदर, रींगस, रानोली, खंडेला पुलिस थानों में शराब तस्करी, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेेत कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी सांवलपुरा निवासी सायर सिंह खर्रा पर रानोली, खाटूश्यामजी कोतवाली व सदर में मारपीट, चोरी आदि मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी सांवलपुरा निवासी सीताराम जाट पर खाटूश्यामजी सदर थाने में मामला दर्ज है।


