राजधानी में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-9 की टीम ने वार्ड-8 के सड्डू क्षेत्र में लगभग 6 एकड़ निजी जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगा दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क को जेसीबी से काट दिया गया, ताकि प्लॉटों की खरीद-बिक्री और आवागमन रोका जा सके। साथ ही मौके पर बनी बाउंड्रीवाल भी तोड़ दी गई। आयुक्त के निर्देश पर चला अभियान नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन-9 की टीम ने यह अभियान चलाया। जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब और उपअभियंता आशुतोष पांडेय की मौजूदगी में नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बिना वैध अनुमति के निजी जमीन पर प्लाटिंग कर सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल खड़ी की जा रही थी। नियमों के विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई। अवैध निर्माण पर रहेगी निगरानी नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया कि शहर में कहीं भी अवैध प्लाटिंग या निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि दोबारा अवैध गतिविधियां शुरू न हो सकें। लगातार जारी है कार्रवाई राजधानी रायपुर में अतिक्रमण के खिलाफ निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई तेज हो गई है। संतोषी नगर मुख्य मार्ग पर चलाए गए ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत 73 दुकानों के सामने सड़क पर बने अवैध शेड जेसीबी से तोड़ दिए गए। कार्रवाई के दौरान सड़क पर रखा सामान जब्त किया गया और कब्जाधारी दुकानदारों पर कुल 12 हजार रुपए का ई-चालान काटा गया। अफसरों के निर्देश पर संयुक्त अभियान रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश पर नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जोन-6 और जोन-10 क्षेत्र में अभियान चलाया। निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के निर्देश पर अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया। टीम में एएसपी यातायात विवेक शुक्ला, अपर आयुक्त नगर निवेश पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव और जोन-10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे सहित निगम और यातायात विभाग का अमला मौजूद रहा। पहले समझाइश, फिर सख्ती अभियान के दौरान दुकानदारों को पहले सड़क पर कब्जा नहीं करने की समझाइश दी गई। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण पाए जाने पर शेड तोड़े गए और ठेले जब्त किए गए।


