सलूम्बर में दिव्यांग गतिविधि महोत्सव:100 विशेष योग्यजनों ने दिखाई प्रतिभा, कलेक्टर ने समान अवसर का संकल्प दोहराया

सलूम्बर में विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर दिव्यांग गतिविधि महोत्सव का आयोजन किया गया। यह महोत्सव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर के खेल मैदान में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जिला प्रशासन सलूम्बर, जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस आयोजन में लगभग 100 विशेष योग्यजनों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलेक्टर अवधेश मीना ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक समावेशी समाज की सोच का उत्सव है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति की क्षमता, प्रतिभा और आत्मसम्मान को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती-कलेक्टर कलेक्टर मीना ने ज़ोर दिया कि विशेष योग्यजन साथियों ने हमेशा यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और उचित अवसर मिलने पर कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उन्होंने शिक्षा, खेल, कला, तकनीक और सामाजिक नेतृत्व जैसे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज को नई दिशा और प्रेरणा दी है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता रही है कि विशेष योग्यजन सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकें। इसी उद्देश्य से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, सहायक उपकरण वितरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि सुगम्य वातावरण और समान अवसर की अवधारणा पूरी तरह से साकार हो। जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि दिव्यांगजन की विभिन्न श्रेणियों के अनुसार प्रतिस्पर्धात्मक और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *