प्रभारी सचिव कुणाल ने डाइट का किया निरीक्षण:विद्यार्थियों को कोडिंग, एआई और तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर

जिला प्रभारी सचिव कृष्ण कुणाल ने शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले में शिक्षा नवाचारों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने कहा कि नवाचारों के माध्यम से शैक्षिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने शिक्षा अधिकारियों से समग्र व समन्वित प्रयासों के जरिए भावी पीढ़ी को भविष्य के लिए तैयार करने का आह्वान किया। कुणाल ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने अध्यापकों को बच्चों के अभिभावक की भूमिका निभाने की सलाह दी। कुणाल ने कहा कि कक्षा कक्ष में बच्चों के सीखने के स्तर का अध्ययन कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। शिक्षा में पिछड़ने वाले बच्चों की हैंड होल्डिंग कर उन्हें प्रोत्साहित करने पर भी उन्होंने बल दिया। उन्होंने कहा कि लर्निंग आउटकम्स में सुधार लाना हमारी जिम्मेदारी है। प्रभारी सचिव कुणाल ने शिक्षा में डिजिटल समावेशन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। उन्होंने जिले में आरआरआर सेंटर के लिए बनाई गई वेबसाइट और अटल टिंकरिंग लैब हेतु वेबसाइट व पाठ्यक्रम की सराहना की। प्रभारी सचिव ने संबलन को प्रभावी बनाने और शिक्षकों द्वारा वर्कबुक की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबलन में कम से कम दस वर्कबुक का मूल्यांकन अवश्य किया जाए। इसके बाद, कोड चूरू कार्यक्रम के बच्चों द्वारा अटल टिंकरिंग लैब, आरआरआर सेंटर, डिजिटल सखी, लाइब्रेरी मैनेजमेंट, आशा सहयोगिनी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के कार्यों और सालासर बालाजी धार्मिक स्थल से संबंधित वेबसाइटों का प्रेजेंटेशन दिया गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए डाइट परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *