पतंजलि के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह में शहरी और मुफ्फसिल क्षेत्र की महिलाओं से जेवर साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले दो युवकों को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम मुकेश साह और सागर साह हैं, दोनों भागलपुर, बिहार के निवासी हैं। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक पतंजलि कंपनी का प्रोडक्ट बेचने वाला बताते हुए महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे और जेवर लेकर फरार हो जाते थे। 18 फरवरी 2026 को बनियांडीह निवासी अंकित सहाय की 70 वर्षीय मां से कान की बाली साफ करने का बहाना बनाकर 8 ग्राम सोने की बाली लेकर दोनों युवक फरार हो गए थे। शहर के बरंगड़ा क्षेत्र में दोनों युवक एक बाइक पर सवार होकर एक महिला के घर पहुंचे और जेवर साफ करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आस-पास के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दोनों युवक पहले भी शहर में महिलाओं से इसी तरह की ठगी कर फरार हो चुके हैं। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऐसे व्यक्ति पर भरोसा न करें जो घर आकर जेवर साफ करने या बेचने का बहाना बनाता हो। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *