भास्कर न्यूज| कांटाबांजी मारवाड़ी युवा मंच, सेंट्रल शाखा सिंधेकला ने समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। यह शिविर रायपुर के निजी अस्पताल के सहयोग से हुआ जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं व विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हो सकीं। शिविर में 5 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। लगभग 300 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर व ईसीजी की जांच पूर्णतः निशुल्क की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम मंच अध्यक्ष मनींदर जैन की अध्यक्षता में हुआ। शिविर का शुभारंभ अग्रवाल सभा अध्यक्ष मुनिराम जैन ने किया। शिविर में आने वाले सभी मरीजों व परिजनों के लिए पेयजल व अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर सिंधेकला सरपंच नरेश अग्रवाल, मर्चेंट अध्यक्ष सुभाष जैन, मीडिया प्रतिनिधि दिनेश जैन, मंच सलाहकार सुदर्शन जैन, अमर जैन को मंचासीन कर सम्मानित किया गया। साथ ही चिकित्सकों व उनकी टीम को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट किया गया। इस अवसर पर मंच अध्यक्ष मनींदर जैन, सचिव कुशल जैन, कोषाध्यक्ष शिवम अग्रवाल सहित मंच के सभी सदस्य उपस्थित थे।


