नारायणपुर| भाजयुमो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परमानंद (नानु) नाग के स्वागत में युवा मोर्चा ने कार्यक्रम आयोजित किया। युवा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अपने नए जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान नवनियुक्त भाजयुमो जिला महामंत्री द्वय दीपेंद्र भोयर एवं बिस्सु दत्ता का भी स्वागत, अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत एड़का चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन से हुई, जहां परमानंद ने शिव जी का आशीर्वाद लिया। फिर अटल परिसर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। फिर कोटगुड़िन मंदिर, मावली मंदिर, शीतला मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किए। इस दौरान युवाओं का उत्साह देखते बनता था। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े। बाइक रैली निकालकर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष और महामंत्री द्वय का स्वागत किया।


