गढ़वा | जिले के रंका निवासी महेंद्र प्रसाद साहू ने शुक्रवार का पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एसपी को दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि मैंने अपने भूमि पर बने चबूतरा पर चदरा का सीट लगवाया था। 18 फरवरी की रात 11 बजे तक सीट वहीं पर थी। मगर रात में ही दो हजार आठ सौ रुपए की चदरा की सीट चोरी हो गई। चोरी की जानकारी रंका थाना प्रभारी को लिखित व मौखिक रूप से दी। पुलिस के जांच पड़ताल में उक्त चोरी गया सीट रंका निवासी ही विजय प्रसाद के दो मंजिला घर से बरामद की गई। वहीं विजय प्रसाद को थाना भी लाया गया। सूचना मिलते ही पुत्र के साथ मैं भी थाना पहुंचा। मुझे उम्मीद थी कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेगी। मगर इसके विपरीत पैसों के बल पर आरोपी पुलिस प्रशासन से मिल गया। वहीं उल्टे मेरे साथ ही धक्का-मुक्का और अभद्र व्यवहार किया गया। आरोपी को छोड़ दिया गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांचोपरांत प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। भवनाथपुर| भवनाथपुर–कोण मंडरा मुख्य पथ पर सेल के घाघरा कैंटीन के पास दो बाइक के टक्कर में अनियंत्रित होकर गिरने से करमाही निवासी मकसूदन भुइयां (पिता–करमु भूईया) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकसूदन भुइयां सुबह घर से बाइक लेकर निकले थे। घर लौटने के दौरान अत्यधिक शराब के नशे में होने के कारण वह संतुलन खो बैठे थे और एक विपरीत दिशा से आ रही बाइक चालक ने टकर मार दिया जिससे गिरकर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन को दूरभाष पर दी गई। सूचना मिलते ही थाना से एएसआई जगत बंधु को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवनाथपुर में भर्ती कराया गया।सीएचसी में डॉ. रंजन दास द्वारा घायल का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। गढ़वा| अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक शंभू कुमार ने गढ़वा थाना प्रभारी को आवेदन देकर विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हर्ष धर दुबे द्वारा कार्य के लिए दबाव बनाने व धमकी देने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। राजस्व उप निरीक्षक ने आवेदन में उल्लेख किया है कि हर्ष धर दुबे पिछले कुछ दिनों से मुझपर लॉगिन से मापी का आवेदन अपने पक्ष में भेजने को लेकर दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। वहीं व्हाट्सएप पर ट्रांसफर करवाने व साजिश के तहत एसीबी से पकड़ाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने इस मामले में थाना प्रभारी से सनहा दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है।


