भास्कर न्यूज | लुधियाना खाद्य सुरक्षा टीम की तरफ से नामित अधिकारी डॉ. संदीप सिंह की देखरेख में एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में किराना दुकानों, फास्ट फूड आउटलेट्स, डिपार्टमेंटल स्टोर्स तथा डेयरी यूनिटों का निरीक्षण किया। टीम ने कुल 9 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। जिनमें दालचीनी, सत्तू, पिंक नमक, गुड़, मक्की का आटा, शक्कर, इस्तेमाल किया हुआ खाद्य तेल, गाय का दूध तथा क्रीम शामिल हैं। यह सैंपल हैबोवाल, जगराओं और डेयरी कॉम्प्लेक्स हैबोवाल से एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था एवं हाइजीन की स्थिति की भी विस्तार से जांच की गई। कई स्थानों पर फूड बिजनेस ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी एकत्रित सैंपलों को विश्लेषण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों को सख्त हिदायत कि वह अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, हाइजीन एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। आम जनता से भी अपील की जाती है कि वह केवल मानक एवं पैक्ड खाद्य पदार्थ ही खरीदें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।


