ब्यावर| भारतीय कपड़ा मिल संघ मजदूर संघ ने शुक्रवार को ब्यावर जिला कलेक्टर कमलराम मीना को ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि ब्यावर स्थित महालक्ष्मी मिल्स, भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन एन.टी.सी. लिमिटेड, नई दिल्ली की एक इकाई है। यहां 8 आउटसोर्स सुरक्षा कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर तैनात हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि यहां कार्यरत श्रमिकों को नियमानुसार न्यूनतम वेतन एवं मजदूरी देय है, लेकिन उन्हें नियमित रूप से हर महीने भुगतान नहीं किया जा रहा है। पिछले 11 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण श्रमिकों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने और निजी जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते उन्हें कई प्रकार की समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। संघ के पदाधिकारियों ने निवेदन किया कि होली से पूर्व 11 महीनों का बकाया भुगतान श्रमिकों को करवाया जाए।


