शहर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में धूप की तीव्रता बढ़ने से दोपहर के समय गर्माहट साफ महसूस की गई। बाजारों और सड़कों पर दोपहर बाद आवाजाही कुछ कम नजर आई, वहीं लोगों ने हल्के ऊनी कपड़ों की जगह अब सूती वस्त्र पहनना शुरू कर दिया है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन के तापमान में तेजी से हो रही वृद्धि से मौसम में बदलाव का संकेत मिल रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि यही रफ्तार जारी रही तो जल्द ही अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच सकता है।


