भास्कर न्यूज | अमृतसर ग्रीन फील्ड स्थित मुक्तिनारायण धाम के मंदिर तिरुपति बालाजी में भगवान वेंकटेश का ब्रह्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भगवान वेंकटेश, भूदेवी और श्री देवी के साथ फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। उत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे मंदिर के ट्रस्टियों द्वारा भगवान की सामूहिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। दक्षिण भारत से विशेष रूप से आए पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न किया। इसके पश्चात, भगवान को रथ पर विराजमान किया गया। सुबह साढ़े 11 बजे मंदिर परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें राम परिवार, श्री हनुमान जी और श्री लक्ष्मी नारायण की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। बैंड-बाजे की भक्तिमय धुनों, हाथी-घोड़ों पर सवार सेवादारों और हाथों में धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालुओं के हरिनाम संकीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इस दौरान श्रद्धालु ‘भज मन नारायण, नारायण हरि हरि’ जैसे भजनों पर झूमते नजर आए। कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील दत्ती ने मुख्य रूप से शामिल होकर ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया। यह यात्रा ग्रीन फील्ड से शुरू होकर मजीठा रोड, जीटी रोड, 88 फुट रोड, हरिमंदिर, गोपाल मंदिर, कश्मीर एवेन्यू और घालामाला चौक से होती हुई शाम को वापस मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा की, भगवान की आरती उतारी। इस मौके पर चरणजीत अग्निहोत्री, चरणजीत भास्कर, कृष्णदेव अग्निहोत्री, रवि शर्मा, रूपेश गोयनका, रामजी दास, धर्मपाल पराशर, रूपेश गोयनका, भारत भूषण गुप्ता, रामजीदास, राजेश शर्मा लाडी, नवदीप शर्मा, आशु अग्रवाल, सुदेश मौजूद रहे।


