भास्कर न्यूज | अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने शुक्रवार को लोहारका रोड बाइपास पर बनने वाले फ्लाइओवर का नींव पत्थर रखा। फ्लाइओवर अब आरई पैनल की बजाय पिल्लरों पर बनेगा, जिससे नीचे से गुजरने वाले मार्ग की चौड़ाई ज्यादा रहेगी और जाम की समस्या कम होगी। औजला ने बताया कि 2022 से पहले इस फ्लाइओवर का काम आरई पैनल तकनीक से शुरू हुआ था, लेकिन नीचे का रास्ता संकरा होने के कारण रणजीत एवेन्यू जैसे व्यस्त क्षेत्र में ट्रैफिक अव्यवस्था की आशंका थी। इसी कारण उन्होंने परियोजना को रुकवाया और पिल्लरों पर 6 लेन का फ्लाइओवर बनाने की मांग रखी। करीब 210 मीटर लंबा यह फ्लाइओवर लगभग 15 करोड़ रुपए से तैयार होगा और 10 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


