लुधियाना| चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नव-निर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आगामी 22 फरवरी से आयोजित होने वाले श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव को लेकर शिवभक्तों और महानगर वासियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। श्याम भक्त बाबा के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं। एलआर मित्तल ने जानकारी दी कि बाहरी राज्यों और शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए सेवादारों की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। प्रबंधन समिति ने स्पष्ट किया कि पार्किंग, लंगर और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।


