लुधियाना | सेक्टर 32ए स्थित बीसीएम स्कूल के सामने वाले मैदान में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन भागवत महापुराण के माहात्म्य पर प्रकाश डालते हुए सर्व आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी वैष्णवी भारती ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया। साध्वी ने व्याख्या करते हुए कहा कि भागवत कोई साधारण पुस्तक नहीं, बल्कि वेदों का वह सार है जो जड़वत जीवन में चैतन्यता का संचार करता है। श्री का अर्थ है ऐश्वर्य और सौंदर्य जो जीवन को सुंदर बनाए वही श्रीमद्भागवत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोक्ष की प्राप्ति केवल मृत्यु लोक में ही संभव है। इसलिए मानव जीवन का सदुपयोग अनिवार्य है। कथा के दौरान आज के दौर की विसंगतियों पर प्रहार करते हुए साध्वी ने कहा कि आज रिश्ते यूज एंड थ्रो की संस्कृति की भेंट चढ़ रहे हैं।


