भास्कर न्यूज | जालंधर स्वयंसेवी संस्था अमृत केयर गिवर्स एनजीओ ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। इसके तहत संस्था द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य व केयरगिवर प्रशिक्षण परियोजना की शुरूआत की गई है। परियोजना का आगाज संस्था के कार्यालय 60 मॉडल टाउन में किया गया। संस्था की अध्यक्ष डॉ. रुचि सिंह गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में ट्रेनिंग लेने वाली लड़कियों को सामुदायिक स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर भविष्य को लेकर जानकारी दी। डॉ. गौड़ ने कहा कि प्राथमिक चरण में फिजियोथेरेपी सत्र, डाइट एवं पोषण संबंधी परामर्श, सामान्य चिकित्सा परामर्श, ब्लड प्रेशर व शुगर जांच, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण (कटने, जलने, चोट आदि की स्थिति में), सीपीआर प्रशिक्षण, स्वच्छता एवं हाइजीन संबंधी मार्गदर्शन, बीमारियों से बचाव संबंधी जागरूकता व मरीज को पट्टियां बांधने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ट्रेनिंग को हासिल करने के बाद वृद्धजन देखभाल, कैंसर रोगी देखभाल, पोस्ट-आपरेटिव देखभाल व घर पर रोगी सहायता सेवाएं लेने के लिए बेहतर भविष्य की कामना की जा सकती है। रोजगार के अवसर बनेंगे स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक उपचार संबंधी ट्रेनिंग दी जाएगी। संस्थान से ट्रेनिंग लेने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा। डॉ. गौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करते वाले लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे व युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।


