डेरा विवाद : गुलक को लेकर लंगर हॉल में तोड़फोड़, कार्रवाई न होने पर दिया धरना

भास्कर न्यूज | जालंधर दरबार बाबा मस्त बली दानेवाली सरकार डेरा नंबर 1 और 2 को लेकर विवाद गहरा गया है। डेरे के मुख्य सेवादारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सुरजीत सिंह पर डेरे की जमीन और गोलक (दान पात्र) पर अवैध कब्जा करने की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्य सेवादार बाबा भजन सिंह (गद्दीनशीन) और मुख्तियार खास फौजी इंदरपाल सिंह ने प्रशासन को दिए मांग पत्र में कहा कि सुरजीत सिंह और उसके साथी डेरा नंबर 1 पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। उनका आरोप है कि श्रद्धालुओं को मत्था टेकने से रोका जा रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इस मुद्दे पर लोगों ने एसएसपी कार्यालय का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। डेरा नंबर 2 के लंगर हॉल में कथित तोड़फोड़ का मामला भी सामने आया है। प्रबंधन के अनुसार 1 जनवरी को थाना शाहकोट में एफआईआर नंबर 1 दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। 5 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। ताजा विवाद गोलक को लेकर है। सेवादारों का कहना है कि गोलक पर मैनेजमेंट कमेटी का अधिकार है और राशि सेवा कार्यों में लगती है। आरोप है कि सुरजीत सिंह धन का निजी उपयोग करना चाहता है। इस मामले में वाल्मीकि धर्म युद्ध मोर्चा, वाल्मीकि मजहबी सिख मोर्चा, शिरोमणि रंगरेटा दल और दलित समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *