भास्कर न्यूज| जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के थाना न्यू बारादरी की टीम ने अदालत को गुमराह कर जाली दस्तावेजों के आधार पर जमानत लेने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान साहिल प्रीत सिंह और उधम सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों एक चल रहे अदालती मामले में राहत पाने के लिए माननीय अदालत में फर्जी कागजात पेश कर बेल हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि दस्तावेजों की जांच और वेरिफिकेशन के दौरान गड़बड़ी सामने आ गई। अदालत की ओर से इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना न्यू बारादरी की टीम ने मामले की जांच शुरू की और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन शामिल था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


