भास्कर न्यूज | जालंधर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। करीब 60 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रहे इस वैश्विक आयोजन के बीच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को भाजपा नेताओं ने देश की गरिमा के खिलाफ बताया है। वीरवार को प्रेस क्लब में भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने कहा कि जिस मंच पर भारत अपनी तकनीकी क्षमता, नवाचार और डिजिटल नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा हो, वहां इस तरह का विरोध अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दुनिया के 60 देशों के प्रतिनिधि भारत की प्रगति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना कर रहे हैं और ऐसे समय में विरोध प्रदर्शन देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करता है। उन्होंने कहा कि एलओपी के नेता राहुल गांधी ने अपने दफ्तर में बैठाकर चार लोगों को समिट में भेजा। जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। राहुल गांधी ने हमेशा ही विरोध किया है। इसलिए कांग्रेस सत्ता से बाहर है। सांपला ने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों से जुड़ा विषय है। जब वैश्विक मंच पर भारत की तकनीकी ताकत और विकास की दिशा पर चर्चा हो रही हो, तब इस प्रकार का व्यवहार देश की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाता है। इस मौके पर पूर्व विधायक शीतल अंगूराल, अमरजीत सिंह अमरी, जिला महामंत्री राजेश कपूर, अशोक सरीन हिक्की, अमरजीत सिंह गोल्डी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


