भास्कर न्यूज | जालंधर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने वीरवार को एक सड़क दुर्घटना के बाद सक्रियता दिखाते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ एक नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 19 फरवरी को तूर इन्क्लेव मोड़ के पास एक सड़क दुर्घटना हुई थी। आरोपी नवजोत बाली पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी गुरु रविदास नगर, जालंधर (हाल निवासी माहिलपुर, होशियारपुर) अपनी तेज रफ्तार इटियोस कार पीबी10-वाई-7272 में सवार था। डॉ. उमा शंकर की कार में पीछे से टक्कर दे मारी, जिससे आरोपी की कार पलट गई। मौके पर पुलिस टीम ने जब दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली, तो उसमें से 135 ग्राम हेरोइन और 15 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थों सहित कार को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी नवजोत के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 324(4) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के अधीन मामला दर्ज किया है। मामले की तफ्तीश एएसआई सुरजीत सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जानी थी।


