जयपुर को चार आईपीएल मैच मिलना तय हो गया है। एक-दो दिन में बीसीसीआई शिड्यूल जारी भी कर देगा। शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट ने राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। इसमें राजस्थान रॉयल्स के कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत बारठाकुर भी शामिल थे। बारठाकुर ने स्टेडियम का मुआयना भी किया और आईपीएल के नोडल अधिकारी और स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष नीरज के. पवन से स्टेडियम की तैयारियों को लेकर चर्चा भी की। सीएमआर की पहल पर ही यह सब संभव हुआ है। हां, सबसे खास बात यह है कि इसमें राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी को पूरी तरह से नजरंदाज कर दिया गया है। आरसीए से आईपीएल को लेकर किसी भी तरह की कोई चर्चा नहीं हो रही है। …अब पुणे नहीं जाएंगे राजस्थान रॉयल्स के मैच अब यह तो तय हो गया है कि राजस्थान रॉयल्स के मैच पुणे नहीं जाएंगे। बेशक कम मैच मिलेंगे लेकिन जयपुर को आईपीएल की मेजबानी मिलेगी। इसके लिए स्टेडियम में तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। स्टेडियम में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए करोड़ों रुपए सैंक्शन भी हो गए हैं। आरआर ने दर्शकों की सेफ्टी का मुद्दा उठाया था, इसे के मद्देनजर इस बार स्टेडियम में काम हो रहा है। इस संबंध में एमएनआईटी और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स से भी विचार-विमर्श चल रहा है। चार ही मैच मिलेंगे, क्रिकेटप्रेमी खुशी मनाएं या गम जयपुर को चार ही मैच मिलने हैं। इसके लिए राजस्थान के क्रिकेटप्रेमी खुशी मनाएं या गम, यह सबसे बड़ा सवाल है। पहले राजस्थान रॉयल्स के सभी मैच जयपुर में ही होते थे। अब धीरे-धीरे गुवाहाटी शिफ्ट हो रहे हैं। पिछले साल दो मैच गुवाहाटी में हुए थे। सूत्रों के अनुसार, इस बार गुवाहाटी को तीन मैचों की मेजबानी दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई के सचिव देवजीत सेकिया गुवाहाटी से ही हैं इसलिए वे भी चाहते होंगे कि गुवाहाटी में ज्यादा मैच हों।


