झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार का शोर शनिवार शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद रांची समेत किसी भी निकाय क्षेत्र में प्रत्याशियों को केवल डोर-टू-डोर कैंपेन की अनुमति रहेगी। शुक्रवार को रांची में मेयर और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी। सुबह से देर शाम तक विभिन्न इलाकों में सांसदों और विधायकों ने भी प्रचार किया। शहर की सरकार बनाने के लिए प्रत्याशी एक-एक वोट के लिए प्रयासरत दिखे। शनिवार को भी बाइक रैली, पदयात्रा और सभाओं के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है। इधर, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी जिलों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में 23 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 4304 बूथ बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। कुल 43,33,574 मतदाता बैलेट पेपर के माध्यम से 542 मेयर व अध्यक्ष और 5569 वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 22 फरवरी को पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। एक केंद्र पर दो मतपेटी, दो रंग के मतपत्र प्रत्येक बूथ पर दो मतपेटियां रहेंगी। एक मतपेटी में मेयर/अध्यक्ष और पार्षद दोनों के मतपत्र डाले जाएंगे, जबकि दूसरी मतपेटी रिजर्व रहेगी। पहली पेटी भरने पर दूसरी का उपयोग किया जाएगा। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए हल्के गुलाबी रंग का मतपत्र होगा, जबकि पार्षद के लिए सफेद रंग का मतपत्र दिया जाएगा।


